कासगंज। उझानी कोतवाली क्षेत्र में कछला गंगा घाट पर स्नान करने आए कासगंज राजकीय पॉलिटेक्निक के दो छात्र रविवार को पानी के तेज बहाव में बह गए। उनमें एक छात्र को नाविकों ने बचा लिया, जबकि दूसरे की देर शाम तक तलाश चलती रही। उसकी तलाश में गोताखोर लगाए गए हैं। कांटा डालकर भी उसकी खोजबीन कराई गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। लापता छात्र मुनीश कुमार (23) पुत्र अनिल साये बिहार प्रांत के बेगूसराय का रहने वाला है। वह कासगंज जिले के एसएमआईटी पॉलिटेक्निक याकूतगंज में इलेक्ट्रिकल अंतिम वर्ष का छात्र है। रविवार को छुट्टी थी। मुनीश कुमार, पॉलिटेक्निक छात्र के इंद्रजीत, सतीश गौड़, रामसरन पटेल, प्रियांशु दुबे, मोहित, सागर गौतम और नागेश कुमार के साथ कछला गंगा घाट पर स्नान करने आए थे। सभी छात्र रविवार दोपहर बाद कछला स्थित गंगा घाट पर दोनों पुल के बीच स्नान कर रहे थे। वहां पर गंगा में ज्यादा गहराई थी, जिससे मुनीश कुमार और इंद्रजीत अचानक तेज बहाव में बहने लगे। यह देखकर साथी छात्रों ने शोर मचाया। शोर शराबा सुनकर घाट पर मौजूद एक नाविक ने तत्परता दिखाई। उसने इंद्रजीत को बचा लिया, लेकिन तब तक मुनेश कुमार बह गया।