फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: बुखार और डायरिया से पीड़ित दो मरीजों ने तोड़ा दम

Thu, 31 Aug 2023 11:16 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
मैनपुरी। जिले में बुखार से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बृहस्पतिवार को भी बुखार से पीड़ित एक महिला ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं शहर की एक डायरिया पीड़ित महिला की भी उपचार शुरू होते ही मौत हो गई। बेवर थाना क्षेत्र के गांव गग्गरवाला निवासी शिवपाल सिंह की 40 वर्षीय पत्नी योगिता को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर बुधवार की रात परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छपट्टी निवासी पप्पू की 32 वर्षीय पत्नी प्रीती पिछले एक सप्ताह से डायरिया की चपेट में थी। कुछ दिन पहले उन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया था। दो दिन पहले वे सैफई से घर वापस आ गईं लेकिन उन्हें आराम नहीं मिला। बृहस्पतिवार की सुबह अचानक उनकी हालत बिगड़ी। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उनका उपचार शुरू होता इससे पहले ही उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन

पिछले कुछ दिनों से बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ी है। इससे स्वास्थ्य विभाग के सामने दिक्कतें खड़ी होने लगी हैं। जिला अस्पताल में दर्ज रिकाॅर्ड पर यदि नजर डाली जाए तो पिछले एक सप्ताह में यहां पहुंचे 5 मरीजों की मौत हुई है। हालांकि ये मरीज जिला अस्पताल में मृत अवस्था में ही पहुंचे थे। सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने बुखार के बढ़ते मरीजों को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। सीएमओ ने कहा कि सभी चिकित्साधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में नजर रखें। बुखार पीड़ितों को समय से उपचार दिया जाए। यदि कहीं पांच से अधिक मरीज बुखार के पाए जाते हैं तो वहां टीम भेजकर उपचार कराएं।
डेंगू पीड़ित 4 मरीज जिला अस्पताल में भर्ती
जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या भी तेजी के साथ बढ़ रही है। जिला अस्पताल में भर्ती 4 मरीज भी डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सीएमएस ने चिकित्सकों को निर्देश दिए हैं कि वे मरीजों को उचित उपचार दें। हालांकि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से रिपोर्ट को छुपा रहा है। मरीजों को अभी तक डेंगू वार्ड के बजाय अन्य वार्डों में भी भर्ती कराया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

डेंगू से बचने के उपाय

- घर के आसपास या घर के अंदर पानी न जमा होने दें।
- कूलर में अगर पानी है, तो इसमें केरोसिन तेल डालकर रखें
- पानी की टंकियों को खुला न छोड़े, अच्छी तरह ढककर रखें।
- इन दिनों फुल स्लीव और पैरों को ज्यादा से ज्यादा ढकने वाले कपड़े पहनें।
- जरा भी दिक्कत होने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार लें ।
- झोलाछापों से उपचार न कराएं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें