मैनपुरी। गर्मी के बीच जिले में उच्च रक्तचाप के मरीज बढ़ने लगे हैं। बुधवार को जिला अस्पताल में भर्ती दो मरीजों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई भेजा गया है। वहीं 11 मरीज भर्ती कराए गए हैं।
बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी में 765 मरीजों को उपचार दिया गया। 32 मरीज भर्ती कराए गए। इनमें 11 उच्च रक्तचाप से पीड़ित थे। शहर के मोहल्ला अग्रवाल निवासी 42 वर्षीय विजय कुमार और बिछवां थाना क्षेत्र के गांव बबीना निवासी 60 वर्षीय द्रोपदी देवी को मंगलवार को उच्च रक्तचाप की दिक्कत होने पर परिजन ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां बुधवार की सुबह उनकी मौत हो गई।