कासगंज (सोरोंजी)। कोतवाली क्षेत्र के गांव पैसोई में सोमवार को तहसीलदार की अध्यक्षता में राशन डीलर का चयन किया जाना था। इस दौरान राशन डीलर बनने के इच्छुक दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ते हीग्रामीणों ने मौके पर पथराव कर दिया। इससे वहां भगदड़ मच गई। बाद में पुलिस कर्मियों ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा संभाला। घटना में 24 से अधिक ग्रामीण चोटिल हुए हैं।गांव पैसोई में कुछ दिन पूर्व राशन डीलर चयन में धांधली के चलते प्रक्रिया निरस्त हो गई थी। इसके बाद सोमवार को एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार देवेंद्र मिश्रा की अध्यक्षता में खुली बैठक का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत कार्यालय में एडीओ पंचायत, एडीओ समाज कल्याण सोरों, कोतवाली के दस पुलिसकर्मी और एक बटालियन पीएसी के जवान भी मौजूद थे। चयन प्रकिया के दौरान आधार कार्ड की जांच चल रही थी। इसी दौरान पूर्व प्रधान रनवीर सिंह समर्थित नीरेश की तरफ लोगों ने हाथ उठाकर बड़ी संख्या में राशन डीलर बनाए जाने पर सहमति जताई। वहीं वर्तमान प्रधान सोनपाल सिंह समर्थित प्रियंका यादव के पक्ष को कम समर्थन मिला। इसी बीच चयन प्रक्रिया से असंतुष्ट लोगों ने पथराव कर दिया।पथराव होते ही मौके पर मौजूद ग्रामीण और पुलिस कर्मियों में भी भगदड़ मच गई। इसके बाद पुलिस व पीएसी के जवानों ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ते हुए स्थिति को संभाला। पथराव व लाठीचार्ज में दो दर्जन से अधिक ग्रामीण घायल हुए हैं। हंगामा बढ़ता देख तहसीलदार आज की राशन डीलर चयन प्रक्रिया को निरस्त कर दिया।इस बीच पूर्व प्रधान रनवीर व देवेंद्र सिंह अपने पक्ष के 16 से अधिक घायलों को लेकर कोतवाली पहुंचे। वहीं कुछ देर बाद वर्तमान प्रधान सोनपाल सिंह भी अपने साथ घायलों को लेकर कोतवाली पहुंच गए। घायलों में सत्यम, महिपाल, नीरेश, राहुल यादव, गोविंद, अजय, रजनेश, लालू, अजीत, जितेंद्र, घनश्याम, मनवीर, भूरे, कालीचरण, सत्यवीर, रवनेश आदि दो दर्जन से अधिक ग्रामीण हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को अभी किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।