गांव महुअर के निकट पलटी ट्रैक्टर ट्रॉली
- फोटो : अमर उजाला
आगरा-जयपुर हाईवे पर सोमवार दोपहर भीषण हादसा हो गया। अछनेरा के गांव महुअर पुल के पास रोडवेज बस की टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली असंतुलित होकर खाई में पलट गई। हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा घायल हैं।
बताया गया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग रिश्तेदारी में गमी से वापस आ रहे थे। इसी दौरान गांव महुअर के निकट ट्रैक्टर ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया। ट्रैक्टर ट्रॉली पलटकर खाई में गिर जाने से करीब दो दर्जन लोग दब गए। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव शुरू किया। क्रेन की मदद से ट्रॉली को हटाया गया। मौके पर ही दो महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां दो और महिलाओं ने दम तोड़ दिया। मरने वाले फतेहपुर सीकरी के गांव जाजऊ निवासी हैं।