पटियाली में हुए सड़क हादसे में कांवड़ियों की मौत के बारे में पूछताछ करती पुलिस ।
कासगंज। पटियाली क्षेत्र में मंगलवार की देर रात अज्ञात वाहन ने कांवड़ियों की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में एटा के दो कांवड़ियों की मौत हो गई। एक कांवडि़या घायल हो गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद उनके परिजन शव लेकर एटा रवाना हो गए। जनपद एटा थाना जैथरा के गांव लालपुर गढ़ी निवासी आशीष (20) पुत्र रामवीर, धर्मेंद्र सिंह (25) पुत्र रघुवीर सिंह और मनोज (22) पुत्र करू मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे बाइक पर सवार होकर कादरगंज स्थित गंगा घाट पर गंगाजल लेने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पटियाली क्षेत्र में डीसी गार्डन के पास किसी वाहन की टक्कर उनकी बाइक में लगी। हादसे में तीनों बाइक सवार कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद राहगीर और आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तीनों को पटियाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद आशीष और मनोज को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान तीसरा घायल कांवड़ियां धर्मेंद्र सिंह सीएचसी से बिना बताए चला गया और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। इस पर पुलिस ने शवों को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोनों कांवड़ियों की मौत की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शवों को लेकर एटा के लिए रवाना हो गए। पटियाली सीओ संतोष कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से दो कांवड़ियों की मौत हुई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया है। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।