आगरा पुलिस की गाड़ी (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के ताजगंज क्षेत्र में एक रेल कर्मचारी और ट्रांस यमुना क्षेत्र में हाईस्कूल के छात्र ने फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
पुलिस ने बताया कि ताजगंज के महुआखेड़ा निवासी कृष्णकांत (55) रेलवे में फिटर थे। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। सोमवार सुबह किराएदार ने उनके देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर झांककर देखा। कृष्णकांत फंदे से लटके थे, मौत हो चुकी थी।
परिजन ने पुलिस को बताया कि कृष्णकांत ने किसी साथी को कर्ज दिलवाया था। अब वह साथी रकम नहीं लौटा रहा था। कर्ज देने वाला कृष्णकांत से तगादा कर रहा था। इससे वह तनाव में थे। पुलिस ने बताया कि परिजन की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है।
दूसरी घटना थाना ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र की है। ज्योति कुंज में सोमवार की शाम को हाईस्कूल के छात्र श्याम किशोर (16) ने फंदे से लटककर जान दे दी। मां दूध लेकर लौटी तो शोर मचाया। छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस आत्महत्या के पीछे कारण पता कर रही है।