कासगंज। जिले में डिप्थीरिया लगातार नए क्षेत्रों में पैर पसार रहा है। सोरोंजी के भिदौनी व बिलराम में एक-एक बच्चा डिप्थीरिया संक्रमित मिला है। बीमारी के फैलने से लोग चिंतित हो रहे हैं।ग्राम भिदौनी में मांशी (5) पुत्री ओम यादव के गले में दिक्कत की शिकायत हुई। इसके बाद परिजन उसे दिल्ली ले गए। जहां जांच में डिप्थीरिया सामने आया। इस बात की जानकारी मिलने पर सीएमओ डॉ. राजीव अग्रवाल, डीएमसी नितिन खन्ना, यूनीसेफ,.डब्लूएचओ टीम के साथ गांव पहुंचे। गांव में जगह-जगह जलभराव था। एएनएम व आशा को गांव का सर्वे करने के निर्देश दिए। पीड़ित बच्ची के परिवार व आसपास के अन्य बच्चों को दवाएं वितरित कराई। बिलराम में करिश्मा (12) पुत्री गरींद्र में डिप्थीरिया पाया गया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर डिप्टी सीएमओ डॉ. एके चौहान ने क्षेत्र का दौरा किया। पीड़ित बालिका के परिवार के अन्य सदस्य व आसपास के बच्चों को दवा वितरित की गई। सीएमओ ने बताया कि डिप्थीरिया के मामले सामने आने के बाद भिदौनी व बिलराम में शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में बीपीएम व अधीक्षकों को निर्देश जारी कर दिए हैं।