कार के नीचे फंसी बाइक, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त
बाह। क्षेत्र के होलीपुरा गांव के पास सोमवार की दोपहर 2 बजे कार की टक्कर लगने से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। टक्कर के बाद बाइक कार के अगले हिस्से में फंस गई थी। इससे कार छोड़कर चालक भाग गया। मौके पर पहुंची बाह पुलिस ने कार और बाइक को कब्जे में ले लिया। घायलों डौकी के नगला भंवरा गांव निवासी सचिन और मलहैला गांव के भूरी सिंह को अस्पताल भेजा। वहीं, सोमवार की दोपहर 2 बजे बाह में पेट्रोलपंप के पास सड़क पर आए कुत्ते पर स्कूटर चढ़ गई। जिससे फिसलकर खिल्ला पड़कौली के प्रवीन सिंह घायल हो गए। इधर, खेड़ा राठौर के गुमानसिंह पुरा गांव में सोमवार दोपहर 2 बजे कार ने 6 साल के हर्ष को चपेट में ले लिया। घायल बालक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, जैतपुर में रात कोहरे में दो डंपर टकरा गए। टक्कर के बाद दोनों डंपर सड़क पर ही फंस गए। सूचना पर पहुंची जैतपुर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों डंपर सड़क से हटवाकर रास्ता चालू कराया। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।