मैनपुरी। थाना घिरोर पुलिस ने शुक्रवार को नायकूड़ स्थित खेत में अवैध असलहा बना रहे दो कारीगरों को गिरफ्तार किया। मौके से पुलिस को तीन बने तमंचा, दो अधबने व उपकरण आदि बरामद हुए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
थाना पुलिस शुक्रवार की शाम कोसमा चौराहा के पास चेकिंग कर रही थी तभी सूचना मिली कि गांव नायकूड स्थित एक खेत में कुछ लोग अवैध असलहा बना रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने खेत में स्थित झोपड़ी में दबिश देकर तमंचा बना रहे दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को 315 बोर के बने दो तमंचा, एक 12 और दो अधबने तमंचा व उपकरण आदि बरामद हुए। पूछताछ पर कारीगरों ने अपने नाम मुकेश कुमार और रामरतन बताया।बताया कि वह लोग तमंचा बना उसकी बिक्री कर भरण पोषण करते हैं।