कासगंज। सोरोंजी कस्बा में 10 दिन पूर्व महिला के साथ हुई लूट का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटी नकदी और तमंचा व दो कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। जेले भेजे गए लुटेरों में एक एटा और दूसरा पटियाली का निवासी है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि नौ अप्रैल को होडलपुर निवासी कटोरी देवी बैंक से रुपयों को निकालकर अपने घर जा रही थी। बस स्टैंड के समीप उससे बाइक सवार लुटेरों ने एक लाख रुपयों से भरा थैला लूट लिया था। घटना के खुलासा करने के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की टीमों को लगाया गया। शुक्रवार को पुलिस कासगंज-सोरोंजी मार्ग पर तुलसीदास इंटर कॉलेज के समीप चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा करके बाइक सवारों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी तलाश लेने पर एक तमंचा बरामद और 51 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई। आरोपियों को पुलिस थाना ले आई और आरोपियों से पूछताछ की गई। आरोपियों ने पूछताछ में एक ने अपना नाम सरजू निवासी रजपुरा थाना नया गांव एटा और दूसरे ने राजकुमार निवासी गोंडा पटियाली बताया। आरोपियों ने सोरोंजी में महिला से लूट को भी स्वीकार किया। जो नकदी बरामद हुई है वह महिला से लूटी हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों को लूट में मामले में प्रकाश में लाते हुए कार्रवाई कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।