सिढ़पुरा पुलिस की हिरासत में आरोपी ।
कासगंज। सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव बकावली से एटा निवासी युवक का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। एटा ले जाकर उसकी हत्या का प्रयास किया जिससे युवक कोर्ट की तारीख पर न पहुंच सके और पुराना मुकदमा छूट जाए। युवक के अपहरण का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने युवक को बरामद करते हुए दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में युवक के भाई ने चार नामजद समेत 8 पर मुकदमा दर्ज कराया है। एटा जिले में थाना बागवाला गांव गढ़ी बेंदुआ निवासी प्रमोद पुत्र देशराज ने सिढ़पुरा थाने में सोमवार को भाई के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें बताया कि सोमवार सुबह उनका भाई नरसिंहपाल उर्फ नरसी मुकदमे की तारीख करने एटा कोर्ट जा रहा था। वह गांव बकावली में वाहन का इंतजार कर रहा था। इस दौरान उनके ही गांव के कृपाल उर्फ झब्बू, दलवीर, हर्षित, राजीव समेत चार अन्य अज्ञात लोग नरसिंहपाल को अपहरण करके हत्या करने के उद्देश्य से कार में डालकर ले गए। घटना के वक्त उनके गांव के कुछ लोग वहां मौजूद थे। उन्होंने इसकी जानकारी प्रमोद को दी। प्रमोद की शिकायत और घटना का वीडियो सामने आने के बाद थाना पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने टीम गठित करके युवक की बरामदगी के प्रयास शुरू कर दिए। पुलिस टीम ने एटा के नगला खेमी मोड डाबर रोड पर पेट्रोल पंप के पास से नरसिंहपाल को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही दो अपहरणकर्ताओं कृपाल उर्फ झब्बू और शिवम निवासी लोधीपुरम पीपल अड्डा थाना कोतवाली जनपद एटा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने एटा ले जाकर नरसिंहपाल से जमकर मारपीट की। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसका उपचार कराया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। पूछताछ में आरोपी कृपाल ने पुलिस को बताया कि हमारा नरसिंहपाल और उसके परिवार से तीन वर्ष पहले झगड़ा हो गया था। मामला इस समय कोर्ट में चल रहा है। सोमवार को नरसिंहपाल कोर्ट की तारीख पर जा रहा था। इस दौरान वो साथियों के साथ उसे गांव बकावली से उठाकर एटा ले गया जिससे वह कोर्ट न पहुंच सके और पुराना मुकदमा छूट जाए।