फाइनेंस कंपनी के दो एजेंटों ने की लाखों की धोखाधड़ी
नहीं जमा की उपभोक्ताओं की किस्तें, मैनेजर ने दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बिछवां। श्रीराम फाइनेंस कंपनी के अधिकृत दो एजेंट ने उपभोक्ताओं से किस्तों के रुपये तो ले लिए लेकिन रुपया कंपनी में जमा नहीं किया। जानकारी होने के बाद जांच में धोखाधड़ी किए जाने का मामला प्रकाश में आया। बाइक एजेंसी के मैनेजर की ओर से एजेंटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कस्बा बिछवां स्थित एमएस पार्थ मोटर्स के मैनेजर अविनाश चौहान ने थाने में तहरीर दी। बताया कि उनकी बाइक एजेंट एजेंसी है। जिस पर बाइकों की बिक्री होती है। श्रीराम फाईनेंस कंपनी लिमिटेड पता राज मैरिज होम स्टेशन रोड फाइनेंस का काम करती है। एजेंसी पर बाइक के लोन की किस्तें जमा होती हैं। फाइनेंस कंपनी के अधिकृत एजेंट कार्तिक मिश्रा निवासी आलोक मेमोरियल मोहल्ला खरगजीत नगर और जितेंद्र चौहान निवासी मोहल्ला पुरोहिताना सदर कोतवाली किस्तों का रुपया ले जाकर फाईनेंस कंपनी में जमा करते रहे हैं। दोनों एजेंटों ने कुछ उपभोक्ताओं की किस्तों के करीब 2.11 लाख रुपये एजेंसी से लिए लेकिन उन्हें फाइनेंस कंपनी में जमा नहीं किया। जिसका सारा रिकॉर्ड उनकी कंपनी पर मौजूद है। दोनों एजेंटों ने कंपनी के रुपये का गबन किया है। कई बार कहने के बाद भी रुपया जमा नहीं कर रहे हैं। गाली गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। मैनेजर की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों एजेंटों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।