कासगंज। ढोलना के गांव तैयबपुर कमालपुर में शनिवार देर रात एक युवक छत से नीचे गिर गया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। गांव तैयबपुर कमालपुर निवासी राजेंद्र (36) पुत्र नेम सिंह शनिवार रात करीब 11:30 बजे घर की दूसरी मंजिल की छत पर था। इसी दौरान उसके शरीर का संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर गया। युवक के छत से गिरने पर परिजन व ग्रामीण एकत्रित हो गए। परिजन उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए लेकिन उसकी हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। मृतक राजेंद्र के भाई मनीष ने बताया कि भाई गांव में मजदूरी करता था। उसके तीन बच्चे है। इनमे बड़ा बेटा आर्यन (12) व बेटी परी (8) और सीनू (4) की है। भाई की मौत के बाद तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। पुलिस मौके पर पहुंच गई। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि छत से गिरकर एक युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया है।