सोरोजी। महाकवि गोस्वामी तुलसीदास की जयंती 11 अगस्त को धूमधाम से मनाई जाएगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस संबंध में विहिप तुलसी मेला समिति की बैठक में जयंती पर होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। तुलसी मेला समिति के अध्यक्ष हेमेंद्र शास्त्री एवं विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी गोविंद महेरे ने बताया कि इस वर्ष श्रावण शुक्ल सप्तमी 11 अगस्त को गोस्वामी तुलसीदास की 527वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। बताया कि हरि की पौड़ी किनारे 11 अगस्त को तुलसी जयंती के उपलक्ष्य में सुबह 7 बजे से तुलसी प्रतिमा का अभिषेक, पुष्पांजलि, सुबह 8 बजे यज्ञ महाआरती की जाएगी। सुबह 9 बजे विद्यार्थी नगर में प्रभातफेरी निकालने के बाद तुलसी प्रतिमा का अवलोकन करेंगे। सुबह 11 बजे गणमान्य अतिथियों द्वारा तुलसी प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम होगा। अपरान्ह दो बजे तुलसी प्रतिमा पर भव्य फूल बंगला सजाकर मानस चौपाई का गायन होगा। शाम तीन बजे से हरि की पौड़ी के पश्चिमी छोर पर तुलसी मेले का आयोजन होगा। शाम पांच बजे तुलसी साहित्य मर्मज्ञ सम्मान व विद्वान गोष्ठी का आयोजन होगा।