कासगंज। क्षेत्र की ततारपुर कालोनी पर हजारा नहर में अपने साथियों के साथ नहर में तैरने के लिए घुसा ट्रक चालक डूब गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीएसी के एवं स्थानीय गोताखोरो के द्वारा उसकी तलाश की जा रही है। जनपद बरेली के गांव बंदराबाशीपुर निवासी ट्रक चालक धर्मेंद्र (26) नहर में डूब गया। बुधवार की देर शाम धर्मेंद्र व एक अन्य ट्रक चालक नासिर ट्रक लेकर नदरई पहुंचे। वहीं ततारपुर कालोनी के समीप दोनों ट्रक चालक और ट्रकों के परिचालकों ने गर्मी से राहत पाने के लिए नहर में तैराकी का प्लान बनाया। सभी नदी में तैरने के लिए घुस गए। कुछ देर तैरने के बाद नासिर नहर में तैरकर पार निकल गया। जबकि धर्मेंद्र नहर में डूब गया। उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन जब वह उसे नहीं बचा सके तो जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीएसी के गोताखोर और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरु की। रात होने पर तलाश को रोक दिया। बृहस्पतिवार की सुबह फिर से नहर में उसकी तलाश की गई।
कोतवाली प्रभारी हरिभान सिंह राठोड़ ने बताया कि डूबे ट्रक चालक धर्मेंद्र की तलाश की जा रही है। देर शाम वह नहर में नहीं मिल सका। उसके साथी ट्रक चालक नासिर व ट्रक के परिचालक मौसम खान, सुनील को हिरासत में लिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।