ट्रक ने एंबुलेंस में मारी टक्कर, चालक की मौत
-भोगांव क्षेत्र में हुई दुर्घटना, पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
भोगांव। गांव परतापुर के पास मोड़ पर रविवार की रात ट्रक ने एक एंबुलेंस में टक्कर मार दी। हादसे में एंबुलेंस चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने चालक के शव को मोर्चरी में रखवाया। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
कोतवाली क्षेत्र की पुरानी बस्ती देवपुरा निवासी नीरज उर्फ भूरे (40) एंबुलेंस सेवा में चालक के पद पर कार्यरत था। रविवार की रात को वह भोगांव से एंबुलेंस लेकर शहर आ रहा था। जब परतापुर मोड़ के पास पहुंचा। तभी मार्ग से गुजर रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी देर प्रयास के बाद चालक नीरज का शव एंबुलेंस से बाहर निकाला। इसके बाद मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया। हादसे की खबर मिलने के बाद मृतक एंबुलेंस चालक के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।