सहावर(कासगंज)। क्षेत्र के ग्राम खितौली मोड़ पर बाइक खड़ा कर रहे ठेकेदार को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक को लेकर मौके से भाग गया। हादसे पर आस-पास के लोग एकत्रित हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सड़क हादसे में मौत खुशीराम (35) निवासी सूरतपर खुशकरी की हुई। वह ठेका लेकर ग्रामों की गलियों की इंटरलॉकिंग कराते थे। ग्राम बहापुर में इंटर लॉकिंग का कार्य चल रहा था। कार्य को देखने के लिए वह शनिवार की सुबह गांव से बाइक पर सवार होकर बहापुर के लिए जा रहे थे। जब वह ग्राम खितौली मोड़ पर बाइक को खड़ा करने के लिए रुके, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। सड़क हादसे की सूचना परिजनों को दी गई तो परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
खितौली मोड़ पर सड़क हादसे में हुई ठेकेदार खुशीराम निवासी सूरतपुर खुशकरी की मौत हो गई। उसके चार बच्चे हैं। जिनमें तीन पुत्रियां लक्ष्मी (11), कुमकुम (9), सुरभि (7) और एक पुत्र शुभम (5) साल का है। उसकी मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। उसकी पत्नी ओमश्री का रो - रो कर बुरा हाल था।