गंजडुंडवारा। पुत्री की बरामदगी न होने से आहत एक दंपत्ती ने कोतवाली परिसर में अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। जिससे पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस कर्मियों ने पीड़ित पिता के हाथ से कैन छीन लिया। इसके बाद समझा बुझाकर कार्रवाई का भरोसा दिया। गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की नाबालिग पुत्री को एटा जिले के निधौली गांव निवासी विकास और श्यामपुर गांव निवासी छोटे अगवा करके साथ ले गए थे। पीड़ित पिता ने इस घटना की रिपोर्ट 26 सितंबर को कोतवाली गंजडुंडवारा में दर्ज कराई थी। जब पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई तो पीड़ित पिता बीते 28 सितंबर को उपजिलाधिकारी पटियाली से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। एसडीएम ने कार्रवाई का भरोसा दिया, लेकिन एक पखवाड़े के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे आहत पीड़ित पिता पत्नी के साथ बृहस्पतिवार को थाने पहुंचा। पिता ने पहले अपनी पत्नी के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाला, फिर अपने ऊपर डाला। यह देख पुलिस कर्मियों के हाथ पांव फूल गए। आनन फानन में पुलिस वहां पहुंचकर व्यक्ति के हाथ से ज्वलनशील पदार्थ का कैन छीन ली। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम प्रकाश गौतम ने पीड़ित को समझाया। बताया कि इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। एक आराेपी को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है। किशोरी को बरामद करने के लिए प्रयास किए जा रहे है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि किसी के बहकावे में आकर दंपती ने यह कदम उठाया। समझा-बुझाकर उन्हें घर भेज दिया गया है।