साहूकार से परेशान युवती ने दी खुदकुशी की धमकी
मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, पिता और भाई की हो चुकी है मौत, पुलिस नहीं कर रही सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा निवासी एक युवती साहूकार से इस कदर परेशान हो चुकी है कि अब मुख्यमंत्री को पत्र भेज कर खुदकुशी करने की बात कही है। पत्र में कहा है कि ब्याज देते हुए भाई और पिता की मौत हो चुकी है। अब साहूकार उसे भी परेशान कर रहा है। कोतवाली पुलिस से शिकायत की लेकिन वह भी सुनवाई नहीं कर रही है। कहा है कि अगर न्याय न मिला तो उसके पास इस जीवन को खत्म करने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचेगा।
शहर के मोहल्ला कटरा निवासी दीपा सक्सेना ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। इसमें लिखा है कि बडे़ भाई सनी ने मोहल्ले के ही रहने वाले एक साहूकार से जेवर गिरवी रखकर दो लाख रुपये का कर्ज लिया था। भाई 36 हजार रुपये साल का ब्याज चलाता रहा और मूल में एक लाख रुपये भी लौटा दिया। फिर भी साहूकार और उसका एक साथी ब्याज को लेकर परेशान करते रहे। भाई बीमार रहने लगे और चार अगस्त 2023 को मौत हो गई। इसके बाद साहूकार पिता पर भी दबाव बनाकर दो लाख रुपये और इतना ही ब्याज मांगने लगा। परेशान पिता की चार जनवरी 2024 को हृदयगति रुकने से मृत्यु हो गई। जीवित रहते पिता और भाई ने कई बार साहूकार से हिसाब करने और जेवर लौटाने के लिए कहा लेकिन वह तैयार नहीं हुआ।
दीपा का कहना है कि अब वह उसका भाई और मृतक भाई सनी की दो मासूम बेटियां शेष हैं। उनकी मां मानसिक रूप से बीमार हैं। अब साहूकार रुपये को लेकर उसे परेशान कर रहे हैं। तीन बार पुलिस से शिकायत की लेकिन लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उसे अब जाति विशेष के कोतवाल और चौकी इंचार्ज से न्याय की उम्मीद नहीं है। गिरवी रखे गए जेवर उसके भविष्य शादी के लिए थे। यदि उसे न्याय न मिला तो उसके पास खुदकुशी के अलावा कोई रास्ता नहीं है। पिता और भाई की मौत के बाद वह मानसिक रूप से परेशान और टूट चुकी है।
कोतवाल और चौकी इंचार्ज रहें दूर
मुख्यमंत्री को पत्र भेजने वाली दीपा सक्सेना ने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में खुद को आपकी बेटी के रूप में संबोधित किया है। इसके साथ ही कहा है कि यदि उसके प्रार्थना पत्र पर कोई कार्रवाई की जाए तो उसमें कोतवाल और चौकी इंचार्ज का कोई हस्तक्षेप न हो।