शौर्य चक्र विजेता गोपाल सिंह भदौरिया को बलिदान दिवस पर श्रद्धा सुमन अर्पित
बाह। जम्मू कश्मीर के कुलगाम में 17 फरवरी 2017 को हुई मुठभेड़ में पुरा ताल (कैंजरा) के लांस नायक गोपाल सिंह भदौरिया ने 4 आतंकियों को ढेर कर अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। अपने लहू से सरहद को सींचने वाले लांस नायक के पिता मुनीम सिंह भदौरिया, मां जयश्री देवी को शौर्य चक्र प्रदान किया था। इससे पहले 26 नवंबर 2008 में मुंबई आतंकी हमले में बतौर एनएसजी कमांडो गोपाल सिंह भदौरिया ने मेजर संदीप उन्नीकृष्णन की जान बचा कर विशिष्ट सेवा पदक हासिल किया था। बलिदान दिवस पर बृहस्पतिवार को पुरा ताल (कैंजरा) के शहीद स्मारक पर गर्व और गौरव से भर देने वाली लांस नायक की शौर्य गाथा को सलाम कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इस दाैरान एसडीएम बाह संतोष कुमार शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख लाल सिंह चौहान, सत्यवीर सिंह भदौरिया, संतोष गहलौत, शहीद के पिता मुनीम सिंह भदौरिया, चचेरे भाई पवन भदौरिया, नरेंद्र सिंह, ब्रजराज सिंह, शेष बहादुर सिंह, राजीव भदौरिया, अनिल भदौरिया आदि माैजूद रहे।