आगरा के थाना रकाबगंज क्षेत्र में नामनेर चौराहा स्थित दो ट्रैवल्स एजेंसी संचालकों में बस में सवारी बैठाने को लेकर विवाद के बाद मारपीट हो गई। पुलिस दोनों ट्रैवल्स के लोगों को थाने पर ले आई। इसकी जानकारी पर एक के समर्थन में एक संगठन के पदाधिकारी पहुंच गए। एक घंटे तक हंगामे के बाद समझौता होने पर पुलिस ने पकड़े गए लोगों को छोड़ दिया। बाद में एक ट्रैवल एजेंसी संचालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
नामनेर चौराहा पर ओम साईं ट्रैवल्स और पंडित ट्रैवल्स हैं। बुधवार रात को एक ऑटो सवारियों को लेकर आया। दोनों ट्रैवल्स एजेंसी के कर्मचारी सवारी को बुला रहे थे। सवारी जयपुर की एक बस में जाकर बैठ गई। इस बात को लेकर दूसरी ट्रैवल एजेंसी के कर्मचारियों में विवाद शुरु कर दिया। बात इतनी बढ़ी कि दोनों के संचालक और कर्मचारी आपस में भिड़ गए। उनमें मारपीट होने लगी। सूचना पर थाना रकाबगंज की फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को पकड़ लिया और थाने ले आई।
पंडित ट्रेवल्स के समर्थन में एक जनप्रतिनिधि के पुत्र थाने आ गए। इसकी जानकारी पर ओम साईं ट्रैवल्स के समर्थन में एक संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आ गए। इस पर थाने पर हंगामा होने लगा। जानकारी मिलने पर आसपास के थानों का फोर्स पहुंची। दोनों ट्रैवल्स एजेंसी के संचालकों में समझौता हो गया। इस पर पुलिस ने पकड़े गए लोगों को छोड़ दिया।
थाना रकाबगंज के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार का कहना है कि दो ट्रैवल्स एजेंसी के संचालकों और कर्मचारियों में सवारी बैठाने को लेकर विवाद हुआ था। इस पर उन्हें थाने लाया गया था। बाद में समझौता हो गया। हालांकि ओम साईं ट्रैवल्स एजेंसी के संचालक अजय अग्रवाल से मारपीट के मामले में बलवे का मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें पंडित ट्रैवल्स के सोनू, हनुमान, मनोज और दो अज्ञात को नामजद किया गया है।