डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में एक साथ 98 कर्मचारियों का तबादला किया गया है। दीक्षांत समारोह में 21 दिसंबर को कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश के साथ चेतावनी भी दी थी। गड़बड़ियों को दूर करने के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए थे। दीक्षांत समारोह के दो दिन बाद ही यह कदम उठाया गया है।
इनके हुए तबादले
कुलपति के आदेश पर छह कार्यालय अधीक्षकों, 75 वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सहायकों और 17 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है। विश्वविद्यालय में पहली बार इतनी अधिक संख्या में कर्मचारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। गोपनीय विभाग, परीक्षा विभाग, प्रशासन विभाग में कई कर्मचारी 10 वर्ष से अधिक समय से एक ही पटल पर काम कर रहे थे। इन विभागों में काम कर रहे तमाम कर्मचारियों को आवासीय संस्थानों में भेज दिया गया है। विश्वविद्यालय में छात्रों व छात्र संगठनों की ओर से लगातार शिकायत दर्ज कराई जा रही थी कि उनके छोटे-छोटे काम भी लटका दिए जा रहे हैं। कई बार चक्कर लगाने के बाद भी काम नहीं हो रहे हैं। एक-एक पटल पर फाइलें लंबे समय तक लटकी रहती थीं।
कर्मचारियों को हटाने की संस्तुति
विधानसभा की आश्वासन समिति की ओर से भी विश्वविद्यालय में पांच वर्ष से अधिक समय से एक ही पटल पर काम कर रहे कर्मचारियों को हटाने की संस्तुति की गई थी। हालांकि स्थानांतरण सूची में ऐसे भी कर्मचारी शामिल हैं, जिनके पटल बदले एक वर्ष से भी कम हुए थे। कुछ जगहों का पूरा स्टाफ बदल दिया गया है। केएमआई में तीन लिपिक थे, सभी का स्थानांतरण कर दिया गया है। यहां शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अखिलेश चौधरी को भेजा गया है। एकाउंट में तैनात इकलौते लिपिक का स्थानांतरण कर दिया गया है। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर का कहना है कि सूची में अधिकतर ऐसे कर्मचारी हैं, जो लंबे समय से एक सीट पर काम रहे थे। अभी कुछ और कर्मचारियों के स्थानांतरण होने हैं।
इन अधीक्षकों का स्थानांतरण किया
अखिलेश कुमार अग्रवाल को प्रकाशन विभाग से उपाधि विभाग, अमृत कुमार को परीक्षा विभाग से शैक्षिक विभाग एवं आवासीय इकाई, जीके जैन को डिग्री विभाग से परीक्षा विभाग, राजीव गुप्ता को गोपनीय विभाग से परीक्षा विभाग, संजय शर्मा को गोपनीय विभाग से प्रशासन एवं प्रकाशन विभाग, मोहन लाल को लेखा विभाग से प्रॉक्टर कार्यालय भेजा गया है।
डॉ.भीमराव आंबेडकर विवि का दीक्षांत समारोह: राज्यपाल ने छात्र-छात्राओं को दिए पदक, शिवानी पर बरसा 'सोना'