टूंडला। रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब कुछ समय का इंतजार बाकी है। इसके बाद दिल्ली-हावड़ा ट्रैक पर 160 किमी/घंटे की रफ्तार से दौड़ने वाली ट्रेनों में यात्री सफर का आनंद ले सकेंगे। जिससे ट्रेनों का सामयिक संचालन में वृद्धि होगी। वहीं ट्रेनें दिल्ली से हावड़ा के बीच की दूरी को मात्र 10 घंटों में पूरा करेंगी। रेल प्रशासन ने कानपुर-दिल्ली रेलट्रैक की पॉवर को अपग्रेड करने के लिए टूंडला को मुख्य केन्द्र बनाते हुए ओएचई का मिनी डिपो स्थापित किया गया है। जहां से टूंडला के आसपास के सेक्शन में ट्रैक अपग्रेड करने का कार्य तेजी से शुरु कर दिया है।
रेल प्रशासन यात्रियों की बेहतर सुविधा एवं आधुनिकरण की दिशा में नित नए आयाम स्थापित करता जा रहा है। इसी कड़ी में अब एक नया अध्याय जुड़ चुका है। जापान में चलने वाली बुलेट ट्रेनों की तर्ज पर दिल्ली-हावड़ा रेलखंड के बीच भारतीय रेल को 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाने का कार्य प्रगति पर है। इसके लिए टूंडला हैड क्वार्टर के मनोरंजन केंद्र स्थित रेलवे के मैदान में रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग का मिनी स्टोर स्थापित कर दिया गया है। जहां से टूंडला से हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा व कानपुर की ओर टूंडला, इटावा एवं फफूंद के मध्य रेलट्रैक को अपग्रेड करने का काम शुरू कर दिया गया है।
10 से 12 घंटे में दिल्ली से हावड़ा पहुंचेंगी ट्रेनें
टूंडला रेल प्रशासन ने अधिकांश ट्रेनों में एलएचबी रेक लगाने के बाद 110 के स्थान पर 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की थी। जिसके बाद पूर्वा एक्सप्रेस जैसी ट्रेन नई-दिल्ली से हावड़ा के बीच कुल 1450 किमी के सफर को लगभग 22 घंटे में पूरा कर रही है। इस प्रोजेक्ट के पूर्ण होने के बाद इसी दूरी को मात्र 10-12 घंटों में तय करने की उम्मीद जताई जा रही है।