कासगंज। जिले में तैनात आरओ एवं एआरओ को अपर जिलाधिकारी/उपजिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वैभव शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में द्वितीय चरण में नगरीय निकाय चुनाव होना है।
उन्होंने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा 16 अप्रैल, को तथा निर्वाचन अधिकारियों द्वारा 17 अप्रैल को सार्वजनिक सूचना जारी की जाएगी। 17 से 24 अप्रैल तक पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों का क्रय व उन्हें भर कर जमा करने की अवधि रहेगी। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 25 अप्रैल को पूर्वान्ह 11 बजे से कार्य समाप्ति तक होगी। अभ्यर्थन की नाम वापसी का समय 27 अप्रैल को पूर्वाह्न 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक रहेगा।
प्रतीक आवंटन 28 अप्रैल को होगा। मतदान 11 मई को सुबह 7 बजे से अपराह्न 6 बजे तक तथा मतगणना 13 मई को सुबह 8 बजे से कार्य की समाप्ति तक होगी। प्रशिक्षण के दौरान समस्त तैनात आरओ एवं एआरओ उपस्थित रहे।