आगरा-जयपुर हाईवे पर ट्रेलर पलटा, यातायात हुआ बाधित
अछनेरा। आगरा-जयपुर हाईवे पर तहसील किरावली के सामने शुक्रवार शाम तेज गति से जा रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। हादसा शाम करीब 6 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक अचानक संतुलन खो बैठा और ट्रेलर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आवागमन प्रभावित हो गया। राहगीरों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से पलटे ट्रेलर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।