फतेहपुर सीकरी। विश्व धरोहर स्मारक फतेहपुर सीकरी में गोल्फ कार्ट स्टाफ की ईमानदारी की मिसाल देखने को मिली। बृहस्पतिवार दोपहर सीतापुर से परिवार सहित स्मारक भ्रमण के लिए आए पर्यटक अबिक का मोबाइल फोन घूमने के दौरान कहीं गिर गया। गोल्फ कार्ट स्टाफ के कर्मचारी अशोक और राजू सिंह को मोबाइल मिला। दोनों कर्मचारियों ने पर्यटक से संपर्क किया और आगरा जाकर उसका मोबाइल सुरक्षित वापस लौटा दिया। मोबाइल वापस मिलने पर पर्यटक ने गोल्फ कार्ट स्टाफ की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। गोल्फ कार्ट समूह के मैनेजर रोहित शर्मा ने बताया कि कर्मचारियों की इस ईमानदारी की सभी लोग प्रशंसा कर रहे हैं।