कासगंज। जिले में होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है। डीएम ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही सुरक्षा और सुचिता के दृष्टिकोण से जिले को तीन जोन में बांटने का निर्देश दीं। इन जोन को आठ सेक्टरों में बांटा जाएगा। जिलाधिकारी ने तैनात किए गए जोनल और सेक्टर के साथ स्टेटिक मजिस्ट्रेट को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सुधा वर्मा ने कहा कि 17 एवं 18 फरवरी 2024 को आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए जिले में 25 परीक्षा केेंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक, तथा दूसरी पाली की परीक्षा शाम 3 से 5 बजे आयोजित होगी। परीक्षा में 12264 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। जिला प्रशासन एवं पुलिस नोडल विभाग ने परीक्षा केंद्रों को तीन जोन एवं आठ सेक्टर में बांटा है। सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। ताकि परीक्षा सुचिता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जा सके।
होंगी ये व्यवस्थाएं
एडीएम राकेश कुमार पटेल ने बताया कि परीक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के साथ केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की दुकानों को बंद रखा जाएगा। इसके साथ ही केंद्र के आसपास के कोचिंग सेंटर भी बंद रहेंगे। परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्र भी प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा को पूरी गंभीरता के साथ संपन्न कराया जाएगा, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार दुबे ने परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था संबंधी सभी आवश्यक जानकारियां दीं। उनके द्वारा केंद्र व्यवस्थापकों एवं परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों से कहा कि परीक्षा को पूरी सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक निर्देश दे कर परीक्षा संबंधी सभी जानकारियां दी। परी्क्षा प्रबंधक डाॅ. जयंत कुमार गुप्ता ने बताया कि सभी 25 परीक्षा केंद्र पर सेंटर इंचार्ज एवं आठ रुटों पर रूट मैनेजर सहित एक ट्रांसपोर्ट मैनेजर भी नियुक्त किया गया है। ताकि किसी भी कठिनाई का सामना न करना पड़े। प्रश्न पत्र एवं परीक्षा संबंधी आवश्यक सामग्री समय से पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यदायी संस्था के इंचार्ज अपूर्व भारद्वाज ने बताया के परीक्षा के दिन स्कैनिंग, फ्रस्किंग का कार्य गेट पर ही किया जाएगा, वहीं बायोमेट्रिक मशीन से परीक्षार्थियों की उपस्थिति भी दर्ज होगी।
बैठक में उप जिलाधिकारी सदर संजीव कुमार, उप जिलाधिकारी पटियाली कुलदीप सिंह ,उप जिलाधिकारी सहावर पीएन सिंह, सीओ सदर अजीत सिंह चौहान, एआरटीओ राकेश मिश्रा, ईडीएम अंशुल माहेश्वरी आदि मौजूद रहे।