चोरी की 11 बाइकों सहित तीन चोर गिरफ्तार
- तमंचा कारतूस भी हुए बरामद, कुरावली पुलिस ने भेजा जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना कुरावली पुलिस ने एक सूचना पर तीन वाहन चोरों को अवैध असलहा सहित गिरफ्तार किया। निशानदेही पर चोरी की कुल 11 बाइकें बरामद कीं। रविवार को एएसपी ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी। इसके बाद आरोपियों को जेल भेजा गया।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि रविवार की दोपहर कुरावली पुलिस को सूचना मिली कि नगला ऊसर जाने वाले रास्ते पर गेंहू के खेत के पास कुछ वाहन चोर मौजूद हैं। जो कि वाहन चोरी करने और बिक्री करने का काम करते हैं। इस सूचना पर कुरावली पुलिस ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। मौके से पुलिस ने तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए वाहन चोरों के कब्जे से पुलिस को तमंचा और कारतूस बरामद हुए। वहीं चोरी की कुछ बाइकें भी मिलीं। थाने लाकर पूछताछ करने पर चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 11 बाइकें बरामद कीं। उक्त सभी बाइकें चोरी की थीं। पूछताछ में वाहन चोरों ने अपने नाम विशाल उर्फ नन्हे निवासी महेशानंद बगिया के पास कुरावली, आदित्य निवासी गिहार कालोनी, अल्ताफ निवासी वैदनटोला बताया। वाहन चोर चोरी की बाइकों को बेचने की फिराक में थे। मुकदमा दर्ज करने के बाद वाहन चोरों को जेल भेजा गया है। प्रेसवार्ता में एएसपी ग्रामीण भी मौजूद रहे।