मैनपुरी। पिछले कुछ दिनों से जिले का तापमान बढ़ा है। इस बीच जिले में हार्ट के मरीजों की दिक्कतें भी बढ़ने लगी हैं। जिला अस्पताल में पिछले 24 घंटे में पहुंचे तीन मरीजों ने हार्ट अटैक के चलते दम तोड़ दिया। वहीं जिला अस्पताल की इमरजेंसी से पांच मरीजों को मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है। महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में पिछले कुछ दिनों से हाई ब्लड प्रेशर के साथ ह्दय की बीमारी से ग्रसित लोग भी पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को अस्पताल की ओपीडी में 155 मरीजों ने ब्लड प्रेशर की जांच कराई। 11 मरीज हाईब्लड प्रेशर और हार्ट अटैक के चलते भर्ती कराए गए। इनमें से पांच मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। भोगांव निवासी मुन्नी देवी (60) को बृहस्पतिवार को अचानक सीने में दर्द के साथ सांस लेने में दिक्कत होने लगी। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संजय वर्मा (45) निवासी नगला इंदी को शुक्रवार की सुबह अचानक सीने में दर्द के साथ सांस लेने में दिक्कत होने लगी। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किशनी निवासी सुरेंद्र सिंह (70) को शुक्रवार की सुबह अचानक सीने में दर्द के साथ सांस लेने में दिक्कत हुई। परिजन पहले उन्हें सीएचसी किशनी ले गए। यहां से हालत बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि तीनों ही मरीजों को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। परिजन के अनुसार उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है।