करहल। थाना कुर्रा पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात एक सूचना पर मोहब्ब्तपुर कट के पास एक कंटेनर में लादकर ले जाए जा रहे चोरी के दो ट्रैक्टर बरामद किए। कार्रवाई के दौरान तीन शातिर चोर भी गिरफ्तार किए गए। बरामद हुए माल की कुल कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है।एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात थानाध्यक्ष कुर्रा अमित सिंह क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी सूचना मिली कि गांव हविलिया के पास कुछ लोग एक कंटेनर में चोरी के ट्रैक्टर लेकर जा रहे हैं। इस सूचना पर थानाध्यक्ष ने टीम के साथ बताए गए स्थान गांव हविलिया कट से मोहब्बतपुर जाने वाली कच्ची सड़क पर कंटेनर को घेराबंदी कर रोक लिया। पुलिस को देख कंटेनर में मौजूद तीन लोग उतर भागनेे लगे। जिन्हेंं पुलिसकर्मियों ने गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान कंटेनर से चोरी के दो ट्रैक्टर बरामद हुए। पूछताछ करने पर चोरों ने अपने नाम सोनू, मुनीश और लालू निवासी गांव बहादुरपुर कुर्रा बताया। थाने लाकर पूछताछ करने पर चोरों ने कबूल कि उक्त ट्रैक्टर चोरी के हैं। उनके विरुद्ध चोरी, धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद शुक्रवार को जेल भेजा गया।