मैनपुरी। मतदाताओं के लिए मैनपुरी सीट का चुनाव भले ही उपचुनाव हो, लेकिन इस चुनाव से समाजवादी पार्टी की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है। सपा इसे नेताजी की विरासत वाली सीट बता रही है। यही कारण है कि मुलायम परिवार की तीन पीढ़ियां नेताजी की बहू एवं प्रत्याशी डिंपल यादव को विजयश्री दिलाने के लिए चुनाव प्रचार में जुट गईं हैं। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में गांव-गांव, घर-घर जाकर सैफई परिवार के लोग वोट की अपील कर रहे हैं।
मैनपुरी लोकसभा सीट पर पांच दिसंबर को उपचुनाव होगा। नामांकन प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। मुकाबला सपा और भाजपा के बीच माना जा रहा है। प्रत्याशी डिंपल यादव को जिताने के लिए सैफई परिवार पूरी दमखम से चुनाव मैदान में उतरा है। बात नेताजी और सपा की पार्टी की प्रतिष्ठा से जुड़ी है, इसलिए मुलायम सिंह की तीन पीढ़ियां बहू डिंपल यादव के लिए वोट मांग रहीं हैं। चुनाव प्रचार करने वालों में मुलायम सिंह यादव के भाई अभयराम यादव, चचेरे भाई प्रो. रामगोपाल यादव के अलावा बेटे अखिलेश यादव, भतीजे धर्मेंद्र यादव व पौत्र तेजप्रताप यादव शामिल हैं। इसके साथ ही बीस से अधिक पूर्व मंत्री, विधायक और पार्टी नेता गांव-गांव जाकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। संवाद