तीन डिपो की बसों को बस स्टैंड में नहीं मिल रहा प्रवेश
-बस स्टैंड के बाहर सड़क से बैठा रहे सवारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। मैनपुरी डिपो की 20 बसों को दिल्ली में प्रवेश नहीं मिलने के बाद मैनपुरी डिपो में तीन डिपो की बसों का प्रवेश रोक दिया गया है। तीनों डिपो के चालक और परिचालक बस स्टैंड केे बाहर सड़क किनारे बसें खड़ी करके सवारियों को बसों में बैठाकर ले जा रहे हैं। बसों की संख्या कम होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मैनपुरी डिपो की केवल 11 बसों का ही आनंद विहार दिल्ली तक संचालन किया जा रहा है। डिपो की 20 बसों का संचालन कौशांबी तक हो रहा है। इसके बाद मैनपुरी डिपो के कर्मचारियों ने नोएडा डिपो, ग्रेटर नोएडा डिपो, कौशांबी डिपो की बसों का मैनपुरी बस स्टैंड परिसर में प्रवेश बंद कर दिया है। कर्मचारी इन तीनों डिपो की बसों को बस स्टैंड परिसर में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं। बसों केे चालक और परिचालक सड़क किनारे ही बसों को खड़ा करके सवारियों को बसों में बिठाकर दिल्ली तक ले जा रहे हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा कौशांबी डिपो की बसें कम हो जाने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नोएडा, ग्रेटर नोएडा, कौशांबी डिपो की बसों की स्थिति मैनपुरी डिपो की बसों की अपेक्षा बहुत अच्छी है। इन बसों से सफर करने में समय कम लगता है। रास्ते में बसों का ठहराव भी कम होता है। इन बसों को बस स्टैंड परिसर में प्रवेश दिया जाना चाहिए।
तोताराम, पीपराघाट
अच्छी स्थिति की बसों की संख्या कम होने से खराब स्थिति की बसों में सफर करना मजबूरी बन चुका है। रोकी गई तीनों डिपो की बसों की स्थिति बहुत अच्छी है। अब सीधे दिल्ली तक के लिए बसों की संख्या कम हो गई है। इससे परेशानी हो रही है।
रामवीर, नगरिया
इस तरह की कोई जानकारी नहीं है। कर्मचारियों से जानकारी ली जाएगी। मुख्यालय से मिले निर्देशों का पालन करना सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। जो कर्मचारी मनमानी करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
संजीव कुमार, एआरएम मैनपुरी डिपो