समझौते के बाद दो दंपतियों को विदा किया
- मीडिएशन सेंटर में दंपतियों के विवादों की सुनवाई हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। दीवानी स्थित मीडिएशन सेंटर में सोमवार को दंपती के विवादों की सुनवाई हुई। विवादों की सुनवाई करके दो दंपतियों के बीच समझौता होने पर उनको केंद्र से ही विदा कर दिया गया। दंपती ने न्यायालयों में चल रहे मुकदमों को खत्म करने पर सहमति जताई।
कुसुमादेवी का अपने पति शिवकुमार से विवाद चल रहा था। कुसुमादेवी ने पति के खिलाफ अपर सिविल जज/ नयायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दायर किया। अपर सिविल जज ने विवाद में समझौता कराने के लिए फाइल मीडिएशन सेंटर में भेज दी। मीडिएटर दिनेश यादव ने दोनों के बीच समझौता करा दिया। एक अन्य मामले में रमाकांती का अपने पति श्याम बिहारी से भरण पोषण का मुकदमा अपर प्रधान न्यायाधीश के न्यायालय में चल रहा था। अपर प्रधान न्यायाधीश ने भी फाइल को समझौता कराने के लिए मीडिएशन सेंटर में भेज दिया। मीडिएटर चंद्रभान सिंह यादव ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद उनके बीच समझौता करा दिया। दोनों दंपतियों को मीडिएशन सेंटर से ही विदा कर दिया गया। उनको समझौते की शर्तों का पालन करने की हिदायत दी गई।