मैनपुरी। शहर की रहने वाली एक महिला द्वारा एचडीएफसी बैंक आगरा की एक शाखा से गोल्ड लोन लिया गया था। लेकिन कुछ कर्मियों ने सूचना दिए बगैर ही नीलामी कर दी। पीड़ित महिला की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र में डीएम आवास के सामने वाले क्षेत्र में निवास करने वाली सरिता सिंह ने कुछ दिनों पहले आवश्यकता पड़ने पर एचडीएफसी बैंक संजय प्लेस आगरा शाखा के कर्मचारियों से गोल्ड लोन की बात की थी। इसके बाद 272.70 ग्राम रखकर 7.86 लाख रुपये का लोन ले लिया था। इस दौरान लगातार बैंक कर्मी पियूष प्रभाकर, दीपक राजौरा और अजय कुमार से लगातार बातचीत भी होती रही। महिला ने आरोप लगाया कि तीनों की नीयत में खोट आ गया और उक्त लोगों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बिना किसी प्रक्रिया अपनाए जमानत के तौर पर रखे गए सोने को नीलाम कर दिया। एक नवंबर को उसे नोटिस भेजा गया, जब उसने संपर्क किया तो नामजद लोगों ने गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। सोना वापस करने से मना कर दिया। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।