खंदौली। कस्बे में स्थित पंजाब नेशनल बैंक में बुधवार की दोपहर रुपये जमा करने आए आलू किसान की जेब से चोरों ने 40 हजार रुपये पार कर दिए। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में नजर आ रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस फुटेज की मदद से चोरों का पता लगाने में जुटी है।
नगला भवानी निवासी हरीशंकर आलू किसान हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे बुधवार की दोपहर करीब एक बजे बहन के खाते में रुपये जमा करने बैंक आए थे। बैंक के भीतर रुपये जमा करने वाली पर्ची भर रहे थे, तभी उनके मोबाइल पर एक फोन आया। बैंक के भीतर मोबाइल पर बात करने से गार्ड ने मना कर दिया। इस पर वह बाहर आकर मोबाइल पर बातें करने लगे, इसी दौरान उन्हें पता चला कि उनकी जेब में रखे 40 हजार रुपये किसी ने निकाल लिए हैं। इससे वह सन्न रह गए। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो दिखा कि बैंक के भीतर जब वह जमा पर्ची भर रहे थे, तभी बैंक में मौजूद चार युवकों में से तीन हरीशंकर से बातें कर रहे हैं, एक युवक जेब से रुपये निकालते नजर आ रहा है। रुपये निकालने के बाद युवक बैंक से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं।
थाना प्रभारी आनंदवीर सिंह ने बताया कि चोरी की वारदात बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों मे कैद हो गई है। चोर बैंक से निकलकर पैदल ही आगरा की ओर गए हैं। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरो को भी चेक किया जा रहा है। फुटेज की मदद से चोरों का पता लगाया जा रहा है।
क्षेत्र मे चोरी की वारदात बढ़ती जा रही है। 4 दिनों मे यह दूसरी घटना है। इससे पूर्व शनिवार को बदमाशों ने संभल के कबाड़ कारोबारी को कार में लिफ्ट देकर उनकी जेब से 50 हजार रुपये निकाल लिए थे। मामले में पुलिस सिर्फ सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने तक ही सीमित रही। बुधवार को चोरों ने आलू किसान की जेब से 40 हजार रुपये निकाल लिए। यहां भी पुलिस सीसीटीवी कैमरो को खंगालती ही नजर आई।