आगरा में चोरों ने सोमवार रात को एक फ्लैट, एक घर और एक दुकान को निशाना बनाया। दयालबाग स्थित एमीनेंट अपार्टमेंट में स्कूल संचालक के फ्लैट के ताले तोड़कर 20 लाख रुपये की चोरी की। शमसाबाद रोड स्थित मारुति सिटी कॉलोनी में 509 आर्मीबेस वर्कशॉप के सुपरवाइजर के घर से 11 लाख रुपये के जेवरात और 2.5 लाख रुपये चोरी करके ले गए। वहीं रुई की मंडी बाजार में परचून की दुकान का शटर उठाकर नकदी चोरी कर ली।
दयालबाग स्थित एमीनेंट अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल पर फ्लैट में रहने वाले मनवीर सिंह सिकरवार का विद्यालय है। वह मूलरूप से खंदौली के गांव गीगला के रहने वाले हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि सोमवार को वह गांव गए थे। फ्लैट पर ताला लगा गए थे। मंगलवार शाम को लौटकर आए। फ्लैट के ताले टूटे हुए थे। अलमारी के लॉकर से चोर 20 लाख रुपये ले गए। यह रकम उन्हें एक भूखंड बेचकर मिली थी। थाना न्यू आगरा के प्रभारी निरीक्षक विजय विक्रम सिंह ने बताया कि अपार्टमेंट में गार्ड भी रहते हैं। उनसे पूछताछ की गई है।
शादी में गया था परिवार
मारुति सिटी कॉलोनी, शमसाबाद रोड निवासी हरिओम ने पुलिस को बताया कि वह आर्मीबेस वर्कशॉप में सुपरवाइजर हैं। उनकी पत्नी एक विद्यालय में शिक्षक हैं। उनके परिवार में धौलपुर में शादी थी। वह सोमवार सुबह 11 बजे घर पर ताला लगाकर गए थे। मंगलवार दोपहर को लौटकर आए। घर के ताले टूटे हुए थे। घर में सामान बिखरा हुआ पड़ा था। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़ दिया। इसके बाद 22 तोले सोने के जेवरात, एक किलोग्राम चंादी के जेवरात और 2.50 लाख रुपये चोरी कर लिए। पुलिस ने फील्ड यूनिट से जांच कराई। कालोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में रात 2 से 3:30 के बीच दो संदिग्ध नजर आए हैं।
सब्बल से उठा दिया शटर
शाहगंज निवासी कमलेश चंद जैन की रूई की मंडी स्थित सब्जी मंडी में परचून की दुकान है। मंगलवार सुबह उनकी दुकान का शटर उठा हुआ था। यह देखकर लोगों ने उन्हें जानकारी दी। वह दुकान पर आ गए। दुकान के अंदर जाने पर पता चला कि चोर गल्ले से 15 से 17 हजार रुपये ले गए। सामान को हाथ नहीं लगाया। पुलिस का कहना है कि चोरों ने सब्बल से शटर को अपनी तरफ खींच लिया था।