चोरों ने दो लाख के जेवर और नकदी की चोरी
-गांव लालापुर में हुई वारदात, जांच करने पहुंची पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बेवर। गांव लालापुर में सोमवार की रात चोर एक व्यक्ति के घर में घुस गए। एक कमरे का ताला तोड़ कर करीब दो लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। मंगलवार की सुबह पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गृहस्वामी से जानकारी ली।
थाना क्षेत्र के गांव लालापुर निवासी धर्मवीर सिंह सोमवार की रात परिजन के साथ एक कमरे में सो रहे थे। देर रात किसी समय चोर घर में दाखिल हो गए और एक कमरे में रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ कर सोने की चेन, झाले, 30 हजार की नकदी सहित करीब दो लाख रुपये का सामान आदि चोरी कर ले गए। देर रात करीब दो बजे धर्मवीर जब लघुशंका के लिए उठे तो कमरे में सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। सभी परिजन को जगाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गृहस्वामी से चोरी गए सामान आदि के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।