पैर पर चढ़ा प्लास्टर (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद में शुक्रवार रात चोरी की घटना को अंजाम देने घर में घुसे चोरों ने मकान मालिक का पैर तोड़ दिया। बताया गया है कि जब चोर चोरी कर रहे थे तो मकान मालिक जाग गया। उसने शोर मचाया तो चोरों ने मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद चोर मौके से भाग निकले। घायल मकान स्वामी को सरकारी ट्रोमा सेंटर लाया गया, यहां उसकी हालत गंभीर होने पर भर्ती कर लिया गया।
यहां का है मामला
लाइनपार थाना क्षेत्र के मोहल्ला विजय नगर छारबाग निवासी मुकेश कुमार शुक्रवार रात परिवार के साथ मकान के अंदर सो रहा था। देर रात चोरों ने किसी तरह से मकान के अंदर प्रवेश कर लिया। तभी जगार हो गई। घर के अंदर बदमाशों को देख मकान स्वामी मुकेश कुमार ने शोरगुल करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। इस बीच चोर अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से भाग गए।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
चोरों के फरार होने पर पीड़ित परिवार द्वारा शोरगुल किए जाने पर आसपास के लोग भी जाग गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायल युवक को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लाया गया। यहां उसकी हालत गंभीर होने पर उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया। मकान मालिक का पैर टूट गया है।
तहरीर मिलने का इंतजार
पीड़ित परिवार घटना के बारे में कोई अधिक जानकारी नहीं दे सका है। थानाध्यक्ष लाइनपार महेश कुमार का कहना है कि बदमाश चोरी की वारदात को अंजाम देने आए थे। इस दौरान मकान स्वामी के साथ मारपीट की गई। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।