कासगंज। लोकसभा चुनाव में डयूटी कराने वाले मतदान कर्मियों एवं पुलिस कर्मियों की सेहत का ध्यान स्वास्थ्य विभाग रखेगा। मतदान ड्यूटी पर जाने से पहले कर्मियों को किट दी जाएगी। गर्मी के मौसम को देखते हुए मौसमी बीमारियों से संबंधित सभी जरूरी दवाओं के साथ ही ओआरएस घोल की भी व्यवस्था रहेगी। जिले में तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होगा। चुनाव में 1149 टीमें लगाई गई हैं।
इन दिनों काफी गर्मी है। मौसमी बीमारी फैलने का भी खतरा है। साथ ही धूप और गर्मी से भी मतदान कर्मियों व सुरक्षा जवानों की तबियत खराब हो सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल किट तैयार करके निर्वाचन विभाग एवं पुलिस विभाग को सौंप दी है। किट में मौसमी बीमारी सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार, दस्त आदि से बचने के लिए दवाएं रहेंगी। चोट या मोच आने पर मतदान केंद्र पर ही प्राथमिक उपचार करने के लिए व्यवस्था की गई है। ओआरएस घोल भी रखा गया है। सीएमओ डाॅ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि मतदान के दौरान मतदान कर्मियों एवं पुलिस के लिए दवा की किट की व्यवस्था की गई है, जिसमें सभी आवश्यक दवाएं रखी गई है।