फर्जी वकीलों के खिलाफ होगी रिपोर्ट
मैनपुरी। दीवानी न्यायालय में फर्जी वकीलों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। मैनपुरी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद कुमार सिंह यादव ने बताया कि दीवानी न्यायालय में बिना पंजीकरण के वकीलों की ड्रेस पहनकर मुकदमों में पैरवी करने वाले लोग चिन्हित किए जा रहे हैं। पांच सदस्यों की टीम उनकी पहचान कर रही है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों की फर्जी वकील के रूप में काम करने की शिकायतें मिली है। उनकी गतिविधियों पर समिति के सदस्यों द्वारा नजर रखी जा रही है। शीघ्र ही उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। फर्जी वकीलों के संबंध में अध्यक्ष, सचिव सुजीत कुमार शर्मा सहित समिति के सदस्यों को सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
विशेष लोक अदालत 12 को लगेगी
मैनपुरी। दीवानी न्यायालय में 12 अगस्त को विशेष लोक अदालत लगेगी। इसमें चेक बाउंस के मामलों को आपसी सहमति से निपटाया जाएगा। विशेष लोक अदालत के लिए मजिस्ट्रेट न्यायालयों में लंबित मुकदमों की सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में मांगी गई है। प्राधिकरण की प्रभारी सचिव/सिविल जज नम्रता सिंह ने सभी संबंधित न्यायालयों के पीठासीन अधिकारियों को पत्र भेजकर लंबित मुकदमों को सूचीबद्ध करके विवरण भेजने को कहा है।