मैनपुरी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्षों और मंत्रियों का प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से मिला l प्रतिनिधि मंडल ने मांग की कि जिला संयोजक अरुण यादव और विकासखंड बेवर के ब्लॉक अध्यक्ष विकास यादव पर बीएसए के द्वारा की गई फर्जी एफआईआर की निष्पक्ष जांच कराई जाए lपुलिस कप्तान से मिले ब्लाॅक अध्यक्ष किशनी अतुल यादव ने कहा कि संगठन शिक्षकों की समस्या के समाधान के लिए बीएसए से मिला था, लेकिन भ्रष्टाचार और शिक्षकों से धन उगाही में लिप्त बीएसए ने संगठन के द्वारा प्रस्तुत शिक्षक समस्याओं को निस्तारित नहीं किया और अपने कार्यालय में बैठकर उग्र व्यवहार करते हुए संगठन के पदाधिकारियों को सबक सिखाने मुकदमा दर्ज कराने और उनकी नौकरी खा जाने की धमकी दी l बीएसए ने महिला अधिकारी होने के चलते संगठन के पदाधिकारियो पर जो रिपोर्ट लिखाई है वह फर्जी है l
बीएसए अपने एक कृपा पात्र बाबू की मदद से शिक्षकों का शोषण कर धन उगाही कर रही हैं। इसका संघ के पदाधिकारियों ने विरोध किया तो बीएसए ने दुर्भावना से ग्रस्त होकर संगठन के जिला संयोजक और ब्लॉक अध्यक्ष पर फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्ष जांच करने का आश्वासन प्रतिनिधिमंडल को दिया है। प्रतिनिधि मंडल में श्रीचंद्र यादव, प्रेम प्रकाश शाक्य, सुधीर चौहान, बृजेश शाक्य, सत्येंद्र कठेरिया, राजेश यादव, सुभाष कश्यप भी थे।