छात्रा की मौत मामले की सीबीआई जांच हो
करहल। भ्रष्टाचार मिटाओ अभियान द्वारा मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर आजमगढ़ की छात्रा मौत मामले की सीबीआई जांच कराने, प्रधानाचार्य और कक्षाध्यापक की गिरफ्तारी के विरोध में स्कूल बंद करने वालों पर कार्रवाई कराए जाने की मांग की है।
संगठन के संयोजक विवेक पांडेय ने ज्ञापन में कहा है कि आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र के हरबंशपुर स्थित बालिका कॉलेज में 31 जुलाई को स्कूल की छत से गिरकर छात्रा की मौत के मामले में परिजन द्वारा प्रधानाचार्य और कक्षाध्यापक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि छात्रा के बैग से मोबाइल फोन सहित आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ था। इसे लेकर डांट फटकार के बाद जलील व प्रताड़ित किया गया। इसे लेकर छात्रा ने स्कूल की तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। इस मामले की सीबीआई जांच कराकर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। प्रदेशभर के जिन निजी स्कूलों ने छात्रा की मौत के बाद प्रधानाचार्य और कक्षाध्यापक की गिरफ्तारी के विरोध में स्कूल बंद रखे हैं उन पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।