कासगंज। जिले में मार्च माह का उठान हो जाने के बाद दुकान पर राशन तो भरपूर है, लेकिन सर्वर ने इंतजार के लिए मजबूर कर दिया। वितरण के पहले ही दिन सर्वर की दिक्कत से डीलर व कार्डधारक परेशान रहे। दो दिन बाद होली का त्योहार है, लेकिन कार्डधारकों को राशन नहीं मिल सका। जबकि तीन दिन विलंब से राशन वितरण शुरू हुआ है। जिले में 248292 कार्डधारक हैं। शासन से माह की सात तारीख से राशन का वितरण कराया जाता है, लेकिन होली के पर्व के मौके पर 11 मार्च से राशन का वितरण शुरू कराया गया। अंत्योदय कार्डधारकों को इस माह में सस्ती दर पर तीन किलो चीनी भी दी जा रही है। राशन वितरण की सूचना पर बड़़ी संख्या में कार्डधारक सुबह से ही राशन के लिए लाइन में लग गए। जब डीलरों ने राशन वितरण शुरू किया वैसे ही सर्वर की समस्या आ गई। सर्वर के काम न करने से राशन वितरण में बाधा आ गई। काफी देर प्रतीक्षा के बाद अधिकतर राशन डीलरों ने अपनी दुकान बंद कर दी और कार्डधारकों को अगले दिन आने के लिए बोल दिया। इससे कार्डधारक मायूस हो गए। कुछ दुकानें खुली देखी गई। इनपर कार्डधारक लाइन में लगे सर्वर चालू होने का इंतजार करते देखे गए। डीलर सरला देवी, राम खिलाड़ी आदि ने बताया कि सर्वर के काम न करने से राशन वितरण प्रभावित हुआ है।