करहल। करहल के सदर बाजार में दुकानदारों की ओर से किया गया अतिक्रमण राहगीरों के लिए मुसीबत बना हुआ है। बाजार में दुकानदारों के अतिक्रमण से रोजाना जाम के हालात बनते हैं। अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार नगर पंचायत ने अभियान चलाया, लेकिन राहगीरों को आज तक निजात नहीं मिल सकी है।
करहल के मुख्य बाजार के साथ ही किशनी चौराहा पर सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण करने से रोजाना जाम लगता है। राहगीरों सहित वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सदर बाजार में दुकानदारों द्वारा अपनी दुकान के आगे अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण करके सड़क को अवरुद्ध कर दिया है। किशनी चौराहे पर दुकानदारों ने अपनी दुकान के आगे लकड़ी का खोखा रखवाकर अतिक्रमण कर लिया है। अतिक्रमण होने से चौराहे पर भी जाम के हालात बने रहते हैं। नगर पंचायत द्वारा चलाए गए अभियान भी कारगर नहीं हो सके हैं। बाजार में एक दुकानदार के अतिक्रमण को देखकर दूसरे दुकानदार भी अतिक्रमण कर रहे हैं।