कासगंज। बोर्ड परीक्षा के प्रवेश पत्र में गलती होने की वजह से परीक्षार्थी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। शिकायत मिलने पर माध्यमिक शिक्षा परिषद परीक्षार्थियों को परीक्षा से रोकने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने परीक्षार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए एडवाइजरी जारी कर दी है। बोर्ड परीक्षा के प्रवेश पत्र में परीक्षार्थियों के विषय, लिंग, वर्ग आदि की त्रुटियां सामने आईं। ऐसी गलतियों को सही करने के लिए विद्यालयों को मौका भी दिया गया। विद्यालयों ने त्रुटि सुधार के लिए परिषद को सूची भी भेजी। इसके बाद भी गलतियां दूर नहीं हो सकी हैं। इसे देखते हुए परिषद के सचिव भगवती प्रसाद ने स्पष्ट कहा कि गलतियों की वजह से परीक्षार्थी को विद्यालय स्तर या अन्य किसी स्तर से परीक्षा में शामिल होने से न रोका जाए। यदि किसी भी स्तर से बाधा उत्पन्न की जा रही है या कोई अन्य समस्या आ रही है तो इसकी शिकायत हेल्प लाइन नंबर पर की जा सकती है। हेल्प लाइन 24 घंटे खुली है। यदि विद्यालय या कोई भी व्यक्ति परीक्षार्थी को परीक्षा में रोकने या प्रवेश पत्र न देने का दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।