कासगंज। नगर के बाईपास मार्ग पर वृहस्पतिवार की दोपहर में एक युवक को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। गोली लगने से यह युवक घायल हो गया। घायल को जिला चिकित्सालय से अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि युवक के खिलाफ युवती को भगाकर ले जाने का आरोप है। इसका मामला थाने में दर्ज है। युवक कोर्ट मैरिज कर लिया है।
विशाल(19) पुत्र मुनेंद्र निवासी मोहल्ला मंडी बिलराम 25 जुलाई को एक शिक्षक युवती के साथ कहीं चला गया। जिस युवती के साथ गया उसकी उम्र करीब 23 वर्ष है। इस मामले में युवती के परिजनों ने युवक के खिलाफ और उसके परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कराई थी। इसी प्रकरण को लेकर युवक के पिता ने भी युवती व उसके दो परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने दोनों की तलाश की, लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। बाद में पुलिस की जानकारी में आया कि दोनों ने कोर्ट मैरिज कर लिया है। शुक्रवार को युवक जयपुर से वापस बिलराम लौट रहा था। वह एटा की ओर से आ रहा था। नदरई पर उतरने के बाद वह युवती के साथ पैदल ही बाईपास पर जा रहा था। तभी अज्ञात लोगों ने युवक को गोली मार दी। गोली युवक के पेट में लगी। सूचना पर सीओ अजीत चौहान एवं इंस्पेक्टर क्राइम जगमोहन कश्यप घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल पर कहीं भी खून नहीं मिला। इसके बाद पुलिस अधिकारी जिला चिकित्सालय पहुंचे। युवक व उसके परिजनों से पुलिस ने बात की तो कुछ लोगों पर परिजनों ने आशंका जताई, लेकिन कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी। युवक के घायल होने के कारण पुलिस ने ज्यादा पूछताछ नहीं की उसे अलीगढ़ रेफर करा दिया।