कासगंज। पुलिस हिरासत में आत्महत्या की कोशिश करने वाले दलित युवक गौरव का अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। स्थिति गंभीर होने पर उसे वेंटीलेटर पर रखा गया है। शनिवार को युवक की स्थिति की आंशिक सुधार बताया गया है। हालांकि युवक को वेंटीलेटर से नहीं हटाया गया है। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों की टीम गंभीर गौरव के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।युवक गौरव ने अमांपुर थाना पुलिस की हिरासत में कई दिन रहने के बाद तनाव की स्थिति में शुक्रवार को सुबह थाने के महिला शौचालय में मफलर से जंगले में फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। जिससे युवक की स्थिति गंभीर हो गई। युवक को गंभीर अवस्था में पहले अमांपुर चिकित्सालय ले जाया गया। जहां से उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए युवक को तत्काल एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस से अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा। उसे अलीगढ़ ले जाने के लिए पुलिस ने विशेष ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उसे काफी कम समय में पहुंचाया था। युवक के परिवार के लोग भी मेडिकल कॉलेज में पहुंच गए हैं। बेटे को देखकर उन्हें संतोष मिला है। बताया गया कि युवक घटना के बाद से ही बेहोशी की अवस्था में था, लेकिन शनिवार को उसने पलक झपकाई हैं। जिससे पुलिस और परिजनों ने राहत महसूस की है।