युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान
पत्नी की मौत के बाद पीने लगा था अधिक शराब
संवाद न्यूज एजेंसी
बिछवां। गांव मरहरी निवासी एक युवक ने बृहस्पतिवार की देर शाम जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन मेडिकल कॉलेज सैफई ले गए। वहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजन ने बताया कि पत्नी की मौत के बाद वह अधिक शराब पीने लगा था। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
थाना क्षेत्र के गांव मरहरी निवासी सुरेंद्र यादव (45) शराब पीने का आदी थी। उसकी इस आदत से परिवार के लोग परेशान रहते थे। वह पत्नी व बच्चों के साथ घरवालों से अलग रह रहा था। करीब एक माह पूर्व पत्नी माधुरी की बीमारी के चलते मौत हो गई। पत्नी की मौत के बाद सुरेंद्र अत्यधिक शराब पीने लगा था। परिजन ने बताया कि जीवन साथी का साथ छूटने के बाद वह परेशान रहने लगा था। दिन और रात शराब पीने में ही बीतता था। बृहस्पतिवार की शाम उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। सुरेंद्र के जहर खाने की जानकारी जब परिजन को हुई तो घर में अफरा तफरी मच गई। परिजन इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान सुरेंद्र ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन में चीख पुकार मच गई।