कासगंज। पांच दिन पूर्व ट्रेन से जयपुर से कासगंज लौट रहा युवक लापता हो गया। वह घर नहीं पहुंचा। युवक के घर नहीं पहुंचने से परेशान परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं। युवक का कोई सुराग नहीं लगने के कारण सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। पिता ने सदर कोतवाली में युवक के लापता होने के संबंध में गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस की सर्विलांस टीम युवक की लोकेशन ट्रेस कर रही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग हासिल नहीं हुआ है।लापता हुआ 18 वर्षीय युवक मोकम सिंह निवासी मिहारी साड़ी के कारखाने में जयपुर में काम करता है। पिता सत्यप्रकाश ने बताया कि युवक 13 फरवरी की रात्रि को 9 बजे जयपुर से कासगंज आने वाली ट्रेन में सवार हुआ। इस दौरान वह कहां लापता हो गया कोई जानकारी नहीं है। मोबाइल फोन से भी उससे संपर्क नहीं हो पा रही। आसपास रिश्तेदारियों में भी उसकी तलाश की है। जयपुर से भी जानकारी ली है। युवक जयपुर से कासगंज के लिए निकला था। पिता सत्यप्रकाश तरह-तरह की आशंकाओं से घिरे हैं। भाई बृजमोहन ने सदर कोतवाली में युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस लापता युवक के बारे में सुराग लगा रही है। भाई ने अपहरण की आशंका व्यक्त की है।